ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित जिला अदालत में आज विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें वाहन चालकों को लंबे समय से लंबित ट्रैफिक चालानों का निस्तारण कराने का मौका मिलेगा। न्यायालय में सुबह 10 बजे से लोक अदालत शुरू होगी। मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों का समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा सकेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश यातायात पुलिस और नोएडा ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन मालिकों को एसएमएस भेजकर भी जानकारी दी गई है। लोक अदालत में निजी और व्यावसायिक वाहनों के लंबित ट्रैफिक चालानों का निस्तारण कराया जा सकता है। हालांकि वाहन मालिकों को ध्यान रखना होगा कि सूरजपुर न्यायालय में केवल गौतमबुद्ध नगर में जारी किए गए चालानों का ही निस्तारण होगा। लोक अदालत में लंबित चालानों के निस्तारण की व्यवस्था की गई है। वाहन चालक अपने चालान का विवरण और संबंधित जानकारी लेकर न्यायालय पहुंचें। लोक अदालत में प्रत्येक मामले का निस्तारण उसकी परिस्थितियों और नियमानुसार किया जाएगा। ब्यूरो