ग्रेटर नोएडा(संवाद)। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में बैंकर्स और संबंधित विभागों के समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से इस योजना के अंतर्गत जिले का लक्ष्य बढ़ा दिया गया है। बढ़े हुए लक्ष्य के तहत कार्रवाई की जाए और समय के अंदर ही पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाए। लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि योजना के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का जल्द निस्तारण करते हुए ऋण दिए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे बैंकर्स के साथ बेहतर समन्वय बनाते हुए लाभार्थियों की सूची तैयार करें और स्वीकृतियों की प्रक्रिया को गति दें। बैठक में उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, एलडीएम राजेश सिंह कटारिया और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।