साकीपुर गांव की घटना, तीन आरोपियों की अब भी तलाश, परिजनों ने किया हंगामा, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व एनकाउंटर कराने की मांग
चार दिन पहले नाली के पास कूड़ा जलाने पर पड़ोसी परिवार से हुआ था विवाद
12:30 बजे शादी से लौटे युवक पर टिप्पणी की, विरोध पर मारपीट और दाग दीं तीन गोलियां
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। साकीपुर गांव में मंगलवार रात करीब 12:30 बजे एलएलबी के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप पड़ोस में रहने वाले युवकों पर है। चार दिन पहले नाली के पास कूड़ा जलाने पर विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि घटना से पहले भी आरोपियों ने मृतक पर टिप्पणी की थी जिसके विरोध पर उन्होंने मारपीट की और एक ने तमंचे से तीन गोली मार दी। परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर में परिवार के साथ रहने वाले साजन भाटी (25) का चार दिन पहले पड़ोसी मंगेश उर्फ टिल्लू और उसके परिवार के साथ नाली से निकले कूड़ा जलाने पर विवाद हुआ था। तब आसपास के लोगों ने समझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया दिया था। मंगलवार रात करीब 12:30 बजे साजन शादी में शामिल होने के बाद घर पहुंचे।
आरोप है कि पड़ोसी मंगेश अपने परिजनों के साथ पहले से तैयार बैठा था। जैसे ही साजन पहुंचा तो उसने टिप्पणी की। विरोध पर आरोपियों ने साजन के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान मंगेश ने तमंचे से साजन पर तीन गोलियां दाग दीं। दो गोली पेट और एक जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी। इसके बाद साजन जमीन पर गिर गए। गोली की आवाज और शोर सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी भाग गए।
परिजनों ने साजन को ग्रेनो के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह अस्पताल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई जिसको देखकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया। परिजनों ने आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की। बाद में पुलिस ने परिजनों को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दी गई जिसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए।
शाम को किया अंतिम संस्कार
परिजनों को समझाने के बाद सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। शाम करीब 5 बजे शव गांव में पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। शाम को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
गांव में पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद से गांव में तनाव है। आरोपियों के घर पर ताला लगा है। मृतक के भाई ने मुख्य आरोपी मंगेश, उसके भाई व मां और ताऊ के लड़के के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही तनाव को देखकर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
-
मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार सुबह मोजर बेयर गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान कार आती दिखी। उसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक कार को लेकर रेलवे लाइन के किनारे कच्ची सड़क पर जंगल की तरफ भागने लगा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगी जबकि उसकी साथ मौके से भाग गया। गिरफ्तार युवक साकीपुर गांव निवासी मंगेश उर्फ टिल्लू है जो साजन की हत्या के बाद भागने की फिराक में था। आरोपी के पास से अवैध पिस्टल व कार बरामद हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।