नोएडा/यमुना सिटी। शहर में मंगलवार रात हुई बारिश के बाद बुधवार को सुबह से ही मौसम सुहाना रहा। दोपहर में तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें शुरू हो गईं जो कुछ ही देर में बंद हो गईं। जेवर, रबूपुरा, दनकौर और यमुना सिटी में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद क्षेत्र में हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिली।अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 सितंबर तक बारिश के आसार हैं। 4, 5 और 6 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है। बुधवार को नोएडा का एक्यूआई 76 और ग्रेनो का 97 दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिल सकता है। 24 घंटे में दिल्ली के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ब्यूरो