घाट निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई-स्वच्छता आदि की प्रगति की जानकारी भी ली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पर्व की तैयारियों के तहत बुधवार को वजीराबाद स्थित सूर घाट और उत्तरी दिल्ली स्थित प्रेमबाड़ी पुल से एयू ब्लॉक तक मुनक नहर के किनारे बन रहे छठ घाटों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने घाट निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई-स्वच्छता आदि की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री का कहना है श्रद्धा, आस्था और शुचिता के इस पर्व को लेकर दिल्ली सरकार उत्साहित है। सरकार का संकल्प है कि छठ व्रतधारियों को पूरा सम्मान और अपनापन मिले।
मुख्यमंत्री सबसे पहले सूर घाट पहुंचीं। यहां निरीक्षण के दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार के विकास मंत्री कपिल मिश्रा व विधायक अभय वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। घाट पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और भीड़ प्रबंधन की सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं ताकि छठ पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस घाट पर लाखों श्रद्धालु आएंगे इसलिए यहां यातायात व्यवस्था के लिए भी व्यापक इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री इसके बाद मुनक नहर पहुंचीं जहां छठ व्रतधारियों के लिए बड़े स्तर पर घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका निर्माण किसी भी व्रतधारी को परेशानी न होने देने के मद्देनजर किया जाए। घाटों पर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।