डीआईसी ने शासन को भेजा बेकरी प्रोडक्ट का प्रस्ताव
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश सरकार की एक जनपद एक व्यंजन योजना से गौतमबुद्ध नगर को भी आगरा का पेठा व मथुरा के पेड़ा की तरह अपना व्यंजन मिलेगा। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र (डीआईसी) ने बेकरी प्रोडक्ट का प्रस्ताव शासन को भेजा है। योजना के तहत प्रोडक्ट के प्रचार के साथ वैश्विक पहचान दिलाया जाएगा। सफल होने के बाद जिला भी बेकरी प्रोडक्ट के नाम से जाना जाएगा।
प्रदेश के कई जिलों की एक पहचान वहां के उत्पादों से जुड़ी है। जैसे मथुरा का पेड़ा, वाराणसी का लौंगलता, मैनपुरी की सोनपापड़ी, आगरा का पेठा आदि है लेकिन गौतमबुद्ध नगर का अपना को विशेष पकवान नहीं है। हर बड़े आयोजन में जब विशेष पकवान की व्यवस्था की जाती है तो वहां गौतमबुद्ध नगर का नाम नहीं आता है।
अब प्रदेश सरकार की एक जनपद एक व्यंजन योजना जिले को अपना एक व्यंजन देगी। इनमें मिठाइयां, स्नैक्स व भोजन सामग्री शामिल हो सकती है। व्यंजन के रूप में डीआईसी ने बेकरी प्रोडक्ट का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में योजना में 75 करोड़ की व्यवस्था की है। अफसरों ने बताया कि योजना का उद्देश्य स्थानीय विरासत, कौशल और छोटे व्यापारियों को बढ़ावा देना है।
एक छत के नीचे उद्योग, कौशल विकास व रोजगार
प्रदेश सरकार ने सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन बनाने की घोषणा की है। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त पंकज निर्वाण ने बताया कि यह जोन 50 एकड़ में बनेगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। जगह चिह्नित की जाएगी। जहां पर उद्योग, कौशल विकास, और रोजगार एक ही छत के नीचे मिलेंगे। जोन फ्लैटेड फैक्ट्रियों के साथ एमएसएमई इकाइयों, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टूल रूम, और बैंकिंग सुविधाओं से लैस होगा। जोन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार देना होगा। इसको लेकर शासन के विस्तृत आदेश आने पर कार्रवाई की जाएगी।