तावड़ू। गांव छारोडा में पिछले 2 दिनों से हाई वोल्टेज बिजली आने से घरों में लगे उपकरण जल गए हैं। वहीं, बिजली आपूर्ति भी बाधित है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। सेवानिवृत्त वैज्ञानिक सुभान खान ने बिजली विभाग के एक्सईएन को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है।
सुभान खान, जमालुद्दीन शाहिद, नसीम आदि ने बताया कि गांव छारोडा में रेती वाली मस्जिद के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में ओवरलोड के कारण आए दिन फ्यूज उड़ने से घंटों तक बिजली प्रभावित रहती है। वहीं, पिछले 2 दिनों से हाई वोल्टेज आने के कारण घरों में लगे बिजली उपकरण जल गए हैं। सेवानिवृत्त वैज्ञानिक सुभान खान ने बताया कि उनके कंप्यूटर, लैपटॉप आदि हाई वोल्टेज के कारण जल गए हैं। इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ को फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से अवगत कराया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी हाई वोल्टेज के कारण कई बिजली उपकरण दोबारा जल गए हैं। आरोप है कि निगम की अनदेखी और लापरवाही के कारण यह समस्या बनी हुई है। इस संबंध में अब उन्होंने बिजली विभाग के सोहना सर्किल एक्सईएन से व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत की है। वहीं, तावडू बिजली विभाग के एसडीओ देशदीप का कहना है कि छारोडा में बिजली ट्रांसफॉर्मर में हाई वोल्टेज बिजली आने की समस्या उनके संज्ञान में है। इसे ठीक करने के लिए कर्मचारी जुटे हैं। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।