महागुन माईवुड्स सोसाइटी की घटना, पैर में डालनी पड़ी रॉड, आईसीयू में भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसाइटी में सोमवार देर रात लिफ्ट हादसे में डिलिवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। टावर-7 में पहली और दूसरी मंजिल के बीच लिफ्ट 15 मिनट तक फंसी रही। दरवाजा खुलने पर बाहर निकलने का प्रयास कर रहा डिलिवरी बॉय लिफ्ट के पिट में गिर गया। हादसे में उसके पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है। कमर और छाती में भी गंभीर चोटें आई हैं। वह आईसीयू में भर्ती है।
एटा के जसरथपुर थाना क्षेत्र के नगला उम्मीद गांव निवासी डिलिवरी बॉय श्याम के छोटे भाई सुमित ने बताया कि हादसे में उसके भाई के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल इटावा के संस्कार अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। कमर और छाती के अलावा मांसपेशियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर पैर में रॉड डाली। सुमित के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और इलाज में काफी खर्च हो रहा है। परिवार पुलिस में शिकायत देकर बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और इलाज का खर्च दिलाने की मांग करेगा। श्याम सेक्टर ईटा-1 में रहते हैं और ब्लिंकिट में नौकरी करते हैं।
निवासियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट पहली और दूसरी मंजिल के बीच फंस गई थी। बाहर निकलने के लिए श्याम ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान वह लिफ्ट के पिट में गिर गया। लोगों ने आरोप लगाया कि लिफ्ट में फंसने के दौरान श्याम लगातार इमरजेंसी अलार्म बजाकर मदद मांगता रहा, लेकिन समय पर कोई सुरक्षाकर्मी या मेंटेनेंस कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
एओए अध्यक्ष बोले- कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष अनिल वर्मा ने आरोप लगाया कि लिफ्टों के वार्षिक रखरखाव अनुबंध (एएमसी) को लेकर बिल्डर से कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। निवासियों ने बताया कि आशुतोष सिकरवार और रोहन अग्रवाल टावर-7 की लॉबी से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मदद के लिए चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद निवासी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। लिफ्ट संचालक रिंकू सिंह और सुरक्षाकर्मी पर्वत सिंह ने बताया कि निवासियों की मदद से श्याम को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।