-यमुना सिटी के सेक्टर-22 डी सोसाइटी के हाईराइज टावरों की 8 में से 5 लिफ्ट हैं खराब
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। सेक्टर-22डी स्थित सोसाइटी के हाईराइज टावर की लिफ्ट का दरवाजा रविवार को टूटकर टेढ़ा (लैंडिंग डोर डैमेज) हो गया है। इससे लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया है। सोसाइटी के चार हाईराइज ब्लॉक की आठ में से पांच लिफ्ट खराब हैं। निवासियों का आरोप है कि कई बार ब्लॉक की दोनों लिफ्ट खराब होने से उन्हें सीढि़यों से पैदल आना-जाना पड़ता है।
यमुना सिटी के सेक्टर-22डी सोसाइटी में चार हाईराइज टावर हैं। चारों टावरों में करीब 750 फ्लैट हैं। वर्तमान समय में लगभग दस प्रतिशत ही निवासी यहां पर रह रहे हैं। प्रत्येक टावर में दो लिफ्ट हैं। सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि प्रत्येक टावर में हमेशा केवल एक ही लिफ्ट कार्यरत रहती है। कई बार टावर की दूसरी लिफ्ट भी खराब होने से लोगों को 15 मंजिला सोसाइटी में सीढि़यों से पैदल ही चढ़ना पड़ता है। सोसाइटी के हाईराइज टावर एम की लिफ्ट नंबर-1 का लैंडिंग डोर डैमेज हो गया है। एन ब्लॉक में लिफ्ट नंबर एक का कार डोर डैमेज हो गया है। ओ ब्लॉक की लिफ्ट नंबर-1 की सेंसर प्लेट डैमेज है। पी ब्लॉक की लिफ्ट-1 के नीचे पानी भर गया है। इसके चलते लिफ्ट काम नहीं कर रही है। क्यू ब्लॉक में भी ड्राइव फॉल्ट के चलते लिफ्ट काम नहीं कर रही है। आर ब्लॉक में भी लिफ्ट नंबर दो काम नहीं कर रही है।
सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि अधिकतर लिफ्ट खराब हैं। इनमें से कुछ लिफ्ट के बटन की प्लेट भी टूटी पड़ी है। निवासियों का कहना है कि लगातार लिफ्ट खराब होने की शिकायत करते हैं लेकिन समय पर उनका निदान नहीं हो पा रहा है। साथ ही लिफ्ट खराब होने पर लोग फंस जाते हैं। कई बार नेटवर्क न आने पर मोबाइल से गार्ड को सूचना देना भी मुश्किल हो जाता है।
सभी लिफ्ट के ईआरडी सिस्टम फेल
सोसाइटी के सभी टावरों की लिफ्ट के इमरजेंसी रेस्क्यू डिवाइस (ईआरडी) फेल हैं। लिफ्ट खराब होने पर लोग फंस सकते हैं। मनीष, निवासी
हाईराइज के चार टावरों के लिए एक ही गार्ड है। सभी लिफ्टों में इंटरकॉम की सुविधा होनी चाहिए। कुछ लिफ्ट के पैनल भी टूटे हैं। -आरपी त्रिपाठी, एओए अध्यक्ष सेक्टर-22डी