दादरी (संवाद)। कोतवाली दादरी क्षेत्र के जीटी रोड स्थित नवीन मंडी के पास उधार दी गई नकदी की मांग करने पर एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल से उपचार करने के तीन सप्ताह बाद दो नामजद व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव के सचिन भाटी से करीब 6 माह पहले बुलंदशहर जिले के भड़काऊ गांव निवासी कोशिंदर कुमार व उसके भाई तथा परिजनों ने किसी काम के लिए एक लाख रुपए उधार लिए थे। कुछ समय बाद जब उधार दिए पैसे की मांग करने पर उनके साथ लोहे की राड और धारदार हथियार से मारपीट की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।