-सोमवार दोपहर तेंदुए के हमले में एक बछिया की मौत के बाद इलाके में दहशत फैल गई
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क और आसपास के इलाकों में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया है। सोमवार दोपहर तेंदुए के हमले में एक बछिया की मौत के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। घटना के बाद वन विभाग की टीमें मंगलवार से लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
तीन टीमें दिन-रात इलाके में तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। इसके साथ ही यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क और आस-पास के खेतों में तीन पिंजरे लगाए गए हैं, ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने तेंदुए के पैरों के निशान भी देखे हैं और उसके छिपने की संभावित जगहों की जांच की है। अधिकारियों का कहना है कि सर्च अभियान 24 घंटे लगातार जारी रहेगा। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जनवरी से अब तक तेंदुआ कई बार नजर आ चुका है, लेकिन अभी तक पकड़ में नहीं आया। अगस्त महीने में तो वह कैमरे में कैद भी हुआ था। जगतपुर गांव के किसान रमेश पांचाल ने बताया कि सितंबर में भी तेंदुआ दिखा था। लोगों में डर का माहौल है और किसान अब शाम ढलते ही खेतों में जाना बंद कर चुके हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध हलचल की तुरंत सूचना अधिकारियों को दें।