कलौंदा व छौलस गांव के जंगलों में दिखा तेंदुआ, दहशत
- ग्रामीणों ने कहा दो दिन से दिख रहा है तेंदुआ, सूचना पर भी नहीं पहुंचा वन विभाग
- दो वायरल वीडियो में ग्रामीणों ने तेंदुए के घूमने का किया दावा, जांच में जुटा विभाग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/जारचा। कोतवाली जारचा क्षेत्र के गांव कलौंदा और छौलस के जंगल में दो दिनों से तेंदुआ देखे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वन विभाग को सूचना देने की बात कही है। आरोप है कि दो दिन बाद भी विभाग जांच करने नहीं पहुंचा। बुधवार की रात मीडिया में मामला आने के बाद वन विभाग की टीम ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।
छौलस गांव निवासी अब्बास हैदर ने बताया कि मंगलवार की रात कलौंदा गांव के जंगल में तेंदुआ दिखा था। कुछ युवाओं ने तेंदुए की वीडियो बना कर वायरल कर दिया। उनका दावा है कि बुधवार सुबह छौलस गांव के जंगल में तेंदुआ दिखा था। जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में तेंदुआ जंगल में बने एक मकान की छत पर बैठा हुआ है। जबकि दूसरा वीडियो में कार में बैठे युवाओं ने बनाया है। जिसमें तेंदुआ झाड़ी के अंदर से निकलकर सड़क के दूसरी तरफ भागता दिख रहा है।
यह वीडियो एक सितंबर को भी मिला था। यह जारचा क्षेत्र का नहीं लग रहा है। फिलहाल टीम को मौके पर भेज दी गई है। तेंदुआ होने की पुष्टि होने पर टीम भेजकर तलाशी अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों से इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली थी।-
रामअवतार, रेंजर दादरी