पति को जेल से छुड़ाने के लिए पैरवी कर रही महिला से वकील महेश यादव और उसके मुंशी विकास ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 15 मई 2021 की है। आरोपी मुंशी विकास जमानतियों से मिलाने का झांसा देकर पीड़िता को वकील के घर बुलाकर ले गया था। यहीं पर आरोपियों ने पीड़िता से सामूहिक दुष्कर्म किया।
मामला निपटाने के लिए पीड़िता को कॉल भी की गई थी, इसकी वॉइस रिकार्डिंग वायरल हो गई थी। पुलिस ने रविवार को आरोपी मुंशी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि महिला का पति चोरी के आरोप में जेल गया था। जेल से छुड़ाने के लिए महिलर पैरवी कर रही थी। वकील महेश, मुंशी विकास और देवेंद्र से संपर्क किया।
महिला को जमानतियों की जरूरत थी। मुंशी ने महिला को झांसा दिया कि वह जमानतियों का बंदोबस्त करा देगा। 15 मई को आरोपी जमानतियों से बात कराने का झांसा देकर पीड़िता को पतवाड़ी गांव स्थित वकील महेश यादव के घर ले गया।
आरोप है कि यहां तीनों आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने बुलंदशहर के अहार थाना क्षेत्र के सिकोई गांव निवासी आरोपी मुंशी विकास को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वह सूरजपुर में महामेधा वाली गली में रह रहा था।