- जिले के सरकारी कॉलेज में पहली बार शुरू होगी कानून की पढ़ाई, स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के विद्यार्थियों को अब कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों के सरकारी कॉलेजों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लॉ विभाग की स्थापना की जाएगी। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को सौंपी गई है। शासन से जिम्मेदारी मिलने के बाद निगम की ओर से 10 करोड़ 90 लाख 40 हजार रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
लॉ विभाग बनने से जिले में सरकारी संस्थान में कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिल सकेंगे। अभी तक जिले के किसी भी सरकारी कॉलेज में कानून की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों को दाखिला लेने के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। नए विभाग की स्थापना से विद्यार्थियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा का विकल्प मिलने की उम्मीद है।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जिले में उच्च शिक्षा का प्रमुख संस्थान है। यह जिले का पहला सरकारी कॉलेज भी है। यहां लॉ विभाग विकसित होने से कॉलेज में विषयों की उपलब्धता बढ़ेगी और कानून के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी होने के बाद परियोजना आगे बढ़ने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य पूरा होने और संबंधित शैक्षणिक व नियामक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही लॉ पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लॉ पाठ्यक्रमों में कितनी सीटें होंगी।