जौनपुर। नगर स्थित टीबी अस्पताल परिसर से रविवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शुरूआत कर दी गई। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने अभियान को शपथ, स्लोगन, प्रसार प्रसार वाहन बैनर पोस्टर के साथ जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली टीबी अस्पताल से गांधी तिराहा होते हुए वापस टीबी अस्पताल पहुंच कर समाप्त हुई। सीएमओ ने बताया कि संचारी रोग अभियान जनपद में पांच अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। दस्तक अभियान 11 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग से आशा तथा बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से कार्य योजना के आधार पर घर घर जाकर वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। बुखार के रोगियों का चिन्हीकरण, सर्दी, जुकाम लक्षण युक्त व्यक्तियों, क्षय रोग से ग्रसित व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण किया जाएगा। अत्याधिक मच्छर वाले घरों मोहल्लों, वार्डों का चिन्हीकरण कर अंतर विभागीय सहयोग द्वारा मच्छर रोधी गतिविधियां संपन्न कराई जाएंगी। ताकि बीमारी के आगामी सीजन में किसी भी तरह के वेक्टर जनित बीमारी के प्रसार को रोका जा सके।