नोएडा। यूनिटेक के फ्लैट खरीदारों को पैसे के रिफंड के बदले फ्लैट के कब्जे का विकल्प चुनने के बाद बोर्ड ने अंतिम मौका दिया है। ऐसे आवेदक 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन माध्यम से विकल्प चुन सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यूनिटेक के बोर्ड ने पांचवीं बार इस तरह का मौका दिया है।
बोर्ड का कहना है कि इससे पहले भी खरीदारों की अपील पर रिफंड के बदले फ्लैटों के कब्जे का विकल्प चुनने का मौका दिया गया था। हालांकि इसके बाद भी कुछ आवेदक बच गए। इसके बाद 16 सितंबर की कोर्ट में सुनवाई के दौरान भी यह मामला उठाया गया। फिर कोर्ट ने बोर्ड को एक और मौका देने के निर्देश दिए। हालांकि बोर्ड का यह कहना है कि यह मौका आखिरी होगा और इसके बाद किसी तरह की अपील नहीं सुनी जाएगी। ब्यूरो