-दिल्ली के मोतीबाग स्थित डा. बीआर सुर होम्योपैथी मेडिकल कालेज अस्पताल रिसर्च सेंटर में चलाया जाएगा प्रोग्राम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने सत्र 2022-23 के लिए नए प्रोग्राम एमडी होम्योपैथी की शुरूआत की है। यह प्रोग्राम दिल्ली के मोतीबाग स्थित डॉ बीआर सुर होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रिसर्च सेंटर में चलाया जाएगा। इस प्रोग्राम में बृहस्पतिवार (आज) आवेदन का अंतिम अवसर है।
आईपीयू में इस प्रोग्राम के अंतर्गत कुल पांच सीट उपलब्ध है। दो सीट मटेरिया मेडिका और तीन सीट मेडिसिन प्रैक्टिस में उपलब्ध है। एआईएपीजीईटी 2022 की प्रवेश परीक्षा के ऐसे सफल उम्मीदवार, जिन्होंने आईपी यूनिवर्सिटी के किसी संबद्ध कॉलेज से बीएचएमएस की डिग्री प्राप्त की है और 31 दिसंबर 2022 तक अनिवार्य प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया हो, वे इस प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। आईपीयू की वेबसाइट पर इसके लिए प्रारूप उपलब्ध कराया गया है। वेबसाइट पर उपलब्ध प्रारूप में पूरी तरह भरे हुए आवेदन 2200 रुपए के अनिवार्य शुल्क के साथ 19 जनवरी तीन बजे तक यूनिवर्सिटी सुविधा केंद्र में जमा कराने हैं। प्रोग्राम के संबंध में अधिक जानकारी आईपीयू की दोनों वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in और https://ipu.ac.in पर उपलब्ध है।