-जांच में गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में किरायेदार व मकान मालिक के बीच विवाद आया सामने
-पुलिस ने कहा, संदिग्ध हैं महिला के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। कोतवाली रबूपुरा क्षेत्र की गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में एक फ्लैट मालिक और किरायेदार के बीच घर खाली कराने को लेकर विवाद हो गया। किरायेदार ने मकान मालिक पर मुख्य गेट पर ताला लगाकर परिवार को फ्लैट के अंदर बंद करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि मकान खाली नहीं करना पड़े, इस कारण डायल 112 पर कॉल कर झूठी सूचना दी गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया।
रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने बताया कि गौड़ यमुना सिटी सिटी में एक व्यक्ति का फ्लैट है। उन्होंने फ्लैट एक महिला को किराए पर दिया था। महिला परिवार के साथ वहां रह रही है। तीन दिन पहले महिला ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि मकान मालिक ने गेट पर ताला लगाकर परिवार को फ्लैट के अंदर बंद कर दिया है। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खोलकर परिवार को बाहर निकाला। महिला की शिकायत पर जांच की। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक व किरायेदार के बीच किराये को लेकर विवाद चल रहा था। 15 दिन पहले दोनों के बीच लिखित फैसला हुआ था। किरायेदार को 15 दिन के अंदर फ्लैट खाली करना था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और किरायेदार मकान खाली करने को तैयार हो गया है।