यीडा के सेक्टर-33 में बनेगा कौशल विकास केंद्र
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आ रही कंपनियों को देख कौशल विकास केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। यमुना प्राधिकरण ने मंगलवार को सेक्टर-33 में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग को 8704 वर्ग मीटर जमीन आवंटित कर दी। साथ ही दोनों के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इससे संस्थान जल्द बन सकेगा। क्षेत्र में एक साल में 500 से अधिक कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है। इसमें स्वदेशी-विदेशी दोनों तरह की कंपनियां शामिल हैं। प्राधिकरण की ओर से महाप्रबंधक परियोजना के के सिंह और विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य मनोज सिंह ने एमओयू पर साइन किए हैं। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि केंद्र में डिप्लोमा कोर्स कराए जाएंगे।