ग्रेटर नोएडा। गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 31 जुलाई तक जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि निर्माण जल्द शुरू हो, इसके लिए छुट्टी के दिनों में भी जमीनों के बैनामा कराया जा रहा है। अब तक 79 प्रतिशत जमीन खरीदी जा चुकी है। यूपीडा के अधिकारियों का कहना है कि इधर सिविल वर्क के लिए टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है जहां भी आठ किमी के पैच में जमीन पूरी तरह विवाद रहित मिल जाएगी। वहां काम शुरू करा दिया जाएगा।
यूपीडा को 74.3 किमी लंबे लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण करना है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण के अलावा बुलंदशहर जिला प्रशासन को भी जमीन अधिग्रहण करना है।अधिकारियों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे कुल 895 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा। इसमें 16 गांवों की 225 हेक्टेयर जमीन यमुना प्राधिकरण को खरीदनी है। प्राधिकरण इसमें से 180 हेक्टेयर जमीन की खरीद कर चुका है। लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कुल 56 गांवों की जमीन पर होना है। इसमें से गौतमबुद्धनगर जनपद के आठ और बुलंदशहर के 48 गांव हैं।