महिला सिपाही के पति ने दारोगा से की अभद्रता, हंगामा
दनकौर। मास्क नहीं लगाने पर दारोगा को महिला सिपाही के पति का चालान काटना महंगा पड़ गया। आरोप है कि सिपाही के पति ने दारोगा से अभद्रता की और फर्जी केस में फंसाने की धमकी भी दे डाली। इतना ही नहीं, महिला सिपाही और उसके पति ने जमकर हंगामा भी किया। दारोगा ने मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की है।
कोतवाली में तैनात दारोगा रविवार शाम टीम के साथ कोतवाली के पास चौराहे पर बिना मास्क घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर जा रहे 3 युवकों रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुके। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बाइक सवारों को रोक लिया। इसके बाद दारोगा ने मास्क नहीं लगाने पर उनका चालान करने की बात कही तो इससे नाराज एक युवक ने उनसे अभद्रता कर दी। बताया गया कि अभद्रता करने वाला युवक कोतवाली में ही तैनात एक महिला सिपाही का पति है। इसके बाद दारोगा ने उसका चालान काट दिया। इस पर युवक ने पत्नी को फोन कर मौके पर बुला लिया। दोनों ने पहले मौके पर हंगामा करते हुए दारोगा से अभद्रता की और फर्जी केस में फंसाने की धमकी भी दे दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। मामले में कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे का कहना है कि चालान काटने को लेकर कहासुनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।