10 से 15 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान, भरण-पोषण भत्ता भी बढ़ा, दो साल तक मिलेगा
ग्रेटर नोएडा। जिले के युवाओं को नया स्टार्टअप शुरू करने और पुरानों को आगे बढ़ने में पैसों की कमी बाधा नहीं बनेगी। सरकारी योजना के तहत युवाओं को 10 से 15 लाख तक का अनुदान मिलेगा। भरण-पोषण भत्ता भी बढ़ा दिया गया है जो दो साल तक मिलेगा।
अफसरों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए यह मिशन गठित किया है। जिले में करीब 6,000 स्टार्टअप भारत सरकार में पंजीकृत और यूपी सरकार के पास लगभग 600। कॉलेजों में भी 1,000 से अधिक स्टार्टअप पर काम चल रहा है। इन सभी स्टार्टअप को चिह्नित किया गया है। उन्हें योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
अफसरों ने बताया कि नए स्टार्टअप को 15 लाख तक की सीड फंडिंग दी जाएगी। जबकि प्रोटोटाइप ग्रांट को बढ़ाकर 5 से 10 लाख रुपये कर दिया गया है। वहीं मासिक भरण-पोषण को भी बढ़ाकर 17,500 से 20,000 कर दिया गया है। यह दो साल तक दिया जाएगा।
महिला उद्यमियों, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर स्टार्टअप को 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन
अफसरों ने बताया कि काफी स्टार्टअप पैसों की कमी से बंद हो जाते हैं। ऐसे में युवाओं के लिए योजना वरदान साबित होगी। महिला उद्यमियों, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर स्टार्टअप को 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन मिलेगा। उच्च तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप पर विशेष जोर रहेगा।
-
वर्जन
जिले में यूपी स्टार्टअप नीति-2026 लागू हो चुकी है। स्टार्टअप को चिन्हित किया जा रहा है। अधिक से अधिक स्टार्टअप योजना का लाभ ले सकते हैं। -पंकज निर्वाण, उद्योग उपायुक्त, गौतमबुद्ध नगर