जिला पूर्ति विभाग कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन के दौरान हाथों में ई-पॉश मशीन लेकर नारेबाजी
गाजीपुर। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलापूर्ति कार्यालय पर सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक तीन घंटे धरना दिया। इस दौरान मांगों को पूरा करने को लेकर उन्होंने आवाज बुलंद की। चेतावनी दिया कि मांगों के पूरा न होने पर 28 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यहीं नहीं विधानसभा का भी घेराव होगा। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में कोटेदार सुबह 11 बजे जिलापूर्ति कार्यालय परिसर में पहुंच गए। जिलापूर्ति कार्यालय परिसर में धरना देना शुरू कर दिया। इस दौरान कोटेदारों ने नारेबाजी की। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये क्विंटल ही मिलता है। जबकि अन्य प्रदेशों जैसे हरियाणा 200, गोवा 220, केरल 200, दिल्ली 200, गुजरात में 20000 रुपये मिनिमम इनकम गारंटी दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोटेदारों को भी अन्य प्रदेशों की तरह लाभांश व मिनिमम गारंटी दी जाए। अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलापूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह को सौंपा गया। इस मौके पर अरविंद सिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, काशीनाथ यादव, गुलाब गुप्ता, राधिका देवी आदि मौजूद रहीं।