गाजीपुर। निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार ने अनुशासनहीनता, पोषाहार के अनियमित वितरण तथा भ्रष्टाचार के आरोप में बाल विकास परियोजना कार्यालय भदौरा के प्रधान सहायक रहे संजय कुमार सिंह को निलंबन नोटिस जारी किया है। अनुपस्थित रहने एवं महिला कर्मचारियों से अमर्यादित व्यवहार करने का भी आरोप है। वर्तमान में वह जिला मुख्यालय से संबंद्ध हैं। निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार की निदेशक सरनीत कौर ब्रोका की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उसमें जिक्र किया गया है कि संजय कुमार सिंह के खिलाफ 7 नवंबर को शिकायत पत्र के माध्यम से प्राप्त हुई। विभिन्न शिकायतों बाल विकास परियोजना अधिकारियों भदौरा एवं रेवतीपुर की आख्या तथा तीन नवंबर को किए गए आकस्मिक निरीक्षण के समय कमियां पाई गईं। भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यों, मनमाने व्यवहार, मुख्य सेविकाओं संग अमर्यादित आचरण, राजनीतिक व्यक्तियों से दबाव डलवाने को लेकर आख्या में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की विभागीय संस्तुति की गई है। इसको लेकर एक सप्ताह में आप अपना पक्ष स्पष्ट करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन यादव ने बताया कि निदेशालय की ओर से संजय कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के बाबू संजय कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस उन्हें मिला था, उन्होंने अपना पक्ष भेज दिया है। सारे आरोप निराधार हैं।