भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत कई किसान नेता होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
जेल में बंद किसान नेताओं को रिहा करने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को जीरो प्वाइंट पर संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत होगी। इसमें भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत और कई किसान संगठनों के नेता शामिल होंगे। अधिक से अधिक लोगों को पंचायत में शामिल करने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किया गया है।
दरअसल, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण से प्रभावित किसानों को 10 फीसदी भूखंड, 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर 25 नवंबर से किसान आंदोलन कर रहे हैं। 2 दिसंबर को दिल्ली कूच के कारण 123 किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल, तीन किसान नेता जेल में बंद हैं। रविवार को महापंचायत स्थल पर यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान पुलिस प्रशासन व संयुक्त किसान मोर्चा के नेता मौजूद रहे।