- ग्रामीण क्रिकेट लीग में हुए दो मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही बाबूराम भाटी मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट लीग में खानपुर-2 ने जेएसबी कुलीपुरा टाइगर्स (जेकेटी) को दो विकेट से और बोड़ाकी क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने नवादा टाइगर्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। पहले मुकाबले में जेकेटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए। खानपुर-2 की ओर से मनोज भाटी ने चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खानपुर-2 ने आठ विकेट गंवाकर 137 रन बनाते हुए दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मनोज भाटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में नवादा टाइगर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 94 रन पर सिमट गई। बीसीए की ओर से विशाल ने तीन और सुबोध भाटी ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीसीए ने दो विकेट खोकर 97 रन बनाकर आठ विकेट से जीत दर्ज की। सुबोध भाटी ने 35 रन बनाए। विशाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।