सांसद ने कहा- यह झूठ अब बासी हुआ, दिल्ली के लोग झांसे में नहीं आने वाले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने रविवार को प्रेसवार्ता में महिला सम्मान राशि और संजीवनी योजना पर आम आदमी पार्टी को घेरा।उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हर बार की तरह फिर झूठ का पुलिंदा लोगों के सामने रखा है, लेकिन यह झूठ अब बासी हो गया है, इसलिए दिल्ली के लोग अब झांसे में नहीं आने वाले हैं।
केजरीवाल ने 2100 रुपये प्रति माह महिलाओं के खाते में देने की बात कही है। उन्होंने लोकसभा के चुनाव से पहले भी 1000 रुपये प्रतिमाह महिलाओं को देने की घोषणा की थी, फार्म भी भरवाए थे, लेकिन एक भी रुपया नहीं दिया। केजरीवाल ने पंजाब में वर्ष 2022 में भी इसी तरह की योजना की घोषणा की थी, लेकिन 2024 दिसंबर तक वहां की किसी भी बहन, महिला के खातों में पैसे नहीं पहुंचे। बांसुरी ने स्वाति मालीवाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जवाब दें कि उनके सचिव ने उनके ही आवास पर महिला सांसद स्वाति मालीवाल पर क्यों हाथ उठाया। उस दौरान महिला सम्मान कहां था। केजरीवाल जवाब दें की आखिर क्यों उन्होंने महिला सांसद पर हाथ उठाने के दोषी अपने निजी सचिव का प्रमोशन कर उसे पंजाब सरकार का सलाहकार बना दिया। दिल्ली की महिलाएं अब केजरीवाल के छलावों को भलीभांति समझती हैं, इसलिए वे झूठ परोसना बंद करें।
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना आयुष्मान भारत योजना को अपनी राजनीतिक द्वेष से दिल्ली में लागू नहीं होने दिया तो वह दिल्ली के बुजुर्गों के साथ कैसे न्याय करेंगे। महिला सम्मान की ही तरह संजीवनी योजना भी सिर्फ एक चुनावी जुमला है, क्योंकि जिस योजना में सारा खर्च केंद्र सरकार को उठाना है और जो योजना देश के 33 राज्यों में लागू है तो फिर उसे दिल्ली में लागू क्यों नहीं किया जा रहा है। दस सालों से सरकार चला रहे केजरीवाल को अब क्यों बुजुर्गों की याद आई। आप सरकार का बजट 7000 करोड़ रुपये के घाटे में है, इसलिए यह संजीवनी योजना सिर्फ एक छलावा है और वोट बैंक बनाने का तरीका है। इस मौके पर प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर व ऋचा पांडेय मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की चिंता करने वाले केजरीवाल बताएं कि पूरे देश में मोदी सरकार 6000 रुपये गर्भवती महिलाओं को दे रहे हैं तो फिर दिल्ली में इसे लागू क्यों नहीं किया गया।