अदालत के आदेश पर खाने से लेकर तमाम जरूरी चीजें मुख्यमंत्री के घर से मंगाई जा रहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
तिहाड़ में बंद केजरीवाल की सेहत के मामले में जेल अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सिर्फ दो दिन जेल का नाश्ता किया है। इसके बाद से खाने से लेकर तमाम जरूरी चीजें मुख्यमंत्री के घर से मंगाई जा रही हैं। जेल प्रशासन के सूत्रों का कहना है कि अदालत ने केजरीवाल को दिन व रात का खाना घर से मंगाने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में नाश्ता भी घर से मंगाने की अनुमति मिल गई। ऐसे में खाने के अलावा नाश्ता, पानी व इंसुलिन सहित तमाम दवाइयां घर से ही आ रहीं हैं। मधुमेह की जांच के लिए डॉक्टर जेल के उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं। जेल में सभी कैदियों के लिए एक जैसी भोजन की व्यवस्था है। स्वास्थ्य से जुड़ी कोई परेशानी होने पर चिकित्सक की सलाह पर डाइट के मुताबिक खानपान की व्यवस्था की जाती है। केजरीवाल का शुगर लेवल ठीक है जो कभी भी 300 तक नहीं पहुंचा। जेल में दो डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं। जेल में शुगर की समस्या वाले 250 मरीज हैं। इनमें केजरीवाल भी शामिल हैं। ब्यूरो