कहा- पेपर खुद लीक नहीं होते, मंत्री और नेता कराते हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं पर केंद्र व भाजपा शासित राज्यों को कठघरे में खड़ा किया है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक छात्रा का वीडियो साझा करते हुए कहा कि पेपर खुद लीक थोड़ी होते हैं, इन्हें मंत्री और नेता कराते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि आज देश का युवा सबसे अधिक प्रभावित है। प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की वजह से करोड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है। पेपर लीक का दर्द आज देश के अधिकतर युवाओं को है। ऐसा क्यों है कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं वहीं पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार पेपर तक ईमानदारी से नहीं करवा सकती वह राज्य क्या संभालेगी। देश का युवा अब चुप नहीं बैठ सकता। रोने से काम नहीं चलेगा। ऐसी सरकार या तो इस्तीफा दें या उखाड़ फेंकना चाहिए।