-कुछ जोड़े साथ-साथ व्रत रखकर करेंगे परस्पर प्रेम का इजहार, पत्नी को देंगे खास उपहार
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। सुहागिन महिलाओं के लिए करवा चौथ का त्योहार बेहद खास होता है। पति की लंबी उम्र और दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए महिलाएं यह व्रत पूरी श्रद्धा और प्रेम के साथ रखती हैं। इस बार का करवा चौथ उन नवविवाहित महिलाओं के लिए और भी विशेष होने जा रहा है जो पहली बार यह व्रत रख रही हैं। वहीं, कुछ जोड़े साथ-साथ करवा चौथ का व्रत रखकर परस्पर प्रेम का इजहार करेंगे। मौके को खुशनुमा बनाने के लिए पतियों ने अपनी पत्नियों को सोने, डायमंड समेत अन्य आकर्षक उपहार देने की योजना बना रखी है।
पहले करवा चौथ पर एक साथ रखेंगे व्रत
गौड़ यमुना सिटी निवासी स्थित पंकज यादव ने बताया उनका विवाह वर्ष 2024 के नवंबर माह में बुलंदशहर की लवली यादव के साथ हुआ था। लवली का कहना है कि व्रत केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि वैवाहिक रिश्ते में प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। पहला करवा चौथ खास भी है क्योंकि वो मायके में की जाती है। वहीं पत्नी लवली के साथ पंकज भी पहली बार करवा चौथ का व्रत करने लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।
-
नरेंद्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखेंगी सपना
रोनीजा निवासी नरेंद्र भाटी ने बताया कि उनका विवाह गत वर्ष दिसंबर माह में हुआ था। पत्नी सपना पहली बार करवा चौथ का व्रत रखेंगी। उन्होंने कहा कि सपना इस व्रत को लेकर बेहद उत्साहित हैं और पारंपरिक रीति-रिवाजों की जानकारी अपनी सास और बड़ों से ले रही हैं। घर में तैयारियां जोरों पर हैं, साज-सज्जा से लेकर पूजन सामग्री तक सबकुछ सहेजा जा रहा है।
-
यह त्योहार रिश्तों की मजबूती और प्यार का प्रतीक है। पहली बार करवाचौथ करने जा रही हूं। तैयारी पूरी हो चुकी हैं। मायके से पूजा का सामान आ गया है। बाजार से लहंगा और ब्यूटी पार्लर को तय कर लिया है। व्रत को लेकर काफी उत्साहित हूूं।
- शुभी आचार्य, ऐस डिविनो
पूरे दिन का व्रत कठिन होता है, लेकिन इस रस्म को निभाने के लिए कई दिनों से इंतजार कर रही हूं। खास डिज़ाइनर करवा खरीदा है। इसके साथ ही सोलह शृंगार का सामान भी खरीद लिया है। पहली बार व्रत करने जा रही हूं।
- प्रीतिका शाह श्रीवास्तव,फोर्थ एवेन्यू सोसाइटी