-मेहंदी शिविरों से सेवा बस्तियों की 50 से अधिक बेटियों को मिला आत्मनिर्भरता का अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। करवा चौथ पर सुहागिनों के हाथों में सजी मेहंदी सेवा बस्तियों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी। सेवा भारती, नोएडा की ओर से स्वावलंबन प्रकल्प के तहत शहर के करीब 10 प्रमुख स्थानों पर मेहंदी शिविर लगाए गए। इनमें सेवा बस्तियों की 50 से अधिक कुशल बेटियों ने करीब 1,000 महिलाओं के हाथों में मेहंदी रचाई।
इन शिविरों के माध्यम से बेटियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला। विभिन्न सोसाइटियों के निवासियों ने भी इस पहल में सहयोग किया। उन्होंने मेहंदी लगवाने के साथ बेटियों के बैठने और जलपान की व्यवस्था की तथा उनका उत्साह बढ़ाया।
आम्रपाली प्रिंसले सोसाइटी में अर्पणा गुप्ता और मोनिका गुलाटी, सिविटेक में निरूपमा शर्मा और सविता, सेक्टर-44 में रतना, दीपा और नरेंद्र तथा सेक्टर-108 में मोनिका, मधुर जैन और सुदर्शन गुप्ता ने सहयोग दिया। वहीं, सेक्टर-50 में डॉ. रेनू सिंह और ग्रैंड अजनारा होम में कपिल किशोर, अनिल अग्रवाल, अनिल कालिया, रविंद्र हांडा और मंजू शर्मा सहित विभिन्न सेक्टरों के निवासियों ने इस पहल में भागीदारी निभाई।
सेवा भारती के नोएडा महानगर मंत्री अरुण चौहान ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सेवा बस्तियों की बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। मेहंदी लगाने के व्यावहारिक प्रशिक्षण से बेटियों में आत्मविश्वास और स्वाभिमान बढ़ता है। इससे वे भविष्य में अपना काम शुरू कर सकती हैं और अपनी कला के माध्यम से आय अर्जित कर सकती हैं।