नोएडा से सफाई के गुर सीखेगा कर्नाटक का तुमकुरु
- तुमकुरु नगर निगम की टीम ने किया दौरा कर ली जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश में पहले और देश में 17वें स्थान पर रहे नोएडा से सफाई का गुर सीखने के लिए कर्नाटक के तुमकुरु से नगर निगम की टीम शहर आई है। बुधवार को टीम ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था की जानकारी हासिल की। टीम की ओर से तुमकुरु शहर में नोएडा मॉडल को अपनाने की बात कही गई।
टीम के सदस्यों ने प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पिंक शौचालय देखा। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन प्लांट का दौरा किया। टीम को बताया गया कि जगह-जगह से फेंके गए निर्माण सामग्री को लाकर इंटरलॉकिंग टाइल्स बनाए जाते हैं। वहीं टीम ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के संचालन को भी परखा। कर्नाटक से आई टीम में एआरओ शेखर, आरओ नरसिंह मूर्ति, हेल्थ इंस्पेक्टर हेमवती सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी बैठक में मौजूद रहे। प्राधिकरण की ओर से कर्नाटक से आई टीम को प्लांट और मैकेनिकल स्वीपिंग की जानकारी से अवगत कराया गया।
नोएडा में हैं 103 सार्वजनिक और 78 सामुदायिक शौचालय
तुमकुरु की टीम को बताया गया कि शहर में 103 सार्वजनिक शौचालय, 78 सामुदायिक शौचालय, 16 पिंक शौचालय और 110 यूरिनल ब्लॉक्स लगाए गए हैं। इससे शहर में सफाई में मदद मिलती है। शहर को ओडीएफ प्लस प्लस सिटी का दर्जा मिला हुआ है। यानी नोएडा खुले में शौच से मुक्त शहर है। शहर के सेक्टर अपने क्षेत्र में प्लांट के माध्यम से कचरे का निस्तारण करते हैं और गैस तथा खाद बनाने का काम करते हैं।