स्वर्गीय प्रधान श्याम सिंह की स्मृति में हुआ दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। स्वर्गीय प्रधान श्याम सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित 35वां विशाल दंगल रविवार को खेल और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम बन गया। आयोजन स्थल पर सैंकड़ों की भीड़ जुटी और देशभर से आए पहलवानों ने अपने दमखम से दर्शकों को रोमांचित किया। पूरे दिन चले इस दंगल में 350 से अधिक कुश्तियां हुईं, जो देर रात तक चलीं। सबसे बड़ी और अंतिम कुश्ती में कलुआ गुर्जर ने जीत दर्ज कर ढाई लाख रुपये का इनाम अपने नाम किया।
अन्य मुकाबलों में एक लाख, 51 हजार और 21 हजार रुपये की इनामी कुश्तियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनीं। यह दंगल पिछले 35 वर्षों से स्व. श्याम सिंह की स्मृति में लगातारआयोजित किया जा रहा है। श्याम सिंह दो बार ग्राम प्रधान और एक बार जिला परिषद सदस्य रहे थे। उन्होंने क्षेत्र में कन्या विद्यालय की नींव रखी जिसे बाद में इंटर कॉलेज के रूप में विकसित किया गया। गांव की बेटियों और विधवाओं को जमीन के प्लॉट दिलाने के लिए भूमि विकास कराया। खेलों को बढ़ावा देने के लिए नोएडा प्राधिकरण से 45 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम भी बनवाया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री एवं सांसद डीपी यादव, और दादरी विधायक तेजपाल नागर मौजूद रहे। वहीं, सात बार के नेशनल कुश्ती विजेता कैप्टन मलखान सिंह भी शामिल हुए। आयोजन का नेतृत्व जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, ब्लॉक प्रमुख विक्रांत यादव और सत्येंद्र यादव ने किया।