ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को जूनियर बालक वर्ग की जिला स्तरीय बॉक्सिंग ट्रायल प्रतियोगिता होगी। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सात जुलाई को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 10 से 13 जुलाई तक चित्रकूट में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता विभिन्न भार वर्गों में आयोजित की जाएगी।