जुलाई बीती अभी भी स्नातक छात्रों की मेरिट लिस्ट का इंतजार
इस बार विश्वविद्यालय नहीं, कॉलेज ही बनाएंगे मेरिट लिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्नातक कोर्स में दाखिले के लिए छात्रों को मेरिट लिस्ट का इंतजार है। पिछले साल जुलाई माह के शुरुआती दिनों में ही मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई थी, लेकिन इस बार लिस्ट नहीं आई है।
सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक कोर्स के प्रथम वर्ष के छात्रों और प्रोफेसरों पर दबाव बढ़ने वाला है। इसका कारण मेरिट लिस्ट आने में देरी होना है। बतादें कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय संस्थान से संबद्ध सभी डिग्री कॉलेजों के लिए मेरिट लिस्ट जारी करता है। इसमें पंजीकृत छात्रों का नाम मेरिट लिस्ट में आने पर उन्हें एडमिशन दिया जाता है। यह लिस्ट पिछली बार विश्वविद्यालय ने जुलाई माह में जारी कर दी थी, लेकिन इस बार लिस्ट आने में काफी देरी हो रही है। जहां एक तरफ पूरा जुलाई महीना बीत गया, अब उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त माह में लिस्ट आ सकती है। वहीं विश्वविद्यालय के अनुसार अगस्त माह के पहले हफ्ते तक लिस्ट जारी हो सकती है। उसके बाद लगभग पूरे अगस्त माह तक एडमिशन की प्रकिया चलेगी। ऐसे में संभवत: सितंबर माह से ही पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है। ऐसे में दो महीने की देरी के चलते शिक्षकों पर भी सिलेबस को जल्द पूरा करने का भार बढ़ेगा और छात्रों पर भी उतना ही भार विषयों को तैयार करने में लगेगा।
विश्वविद्यालय हर साल स्वयं पंजीकृत छात्रों की सूची के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार करता था, लेकिन इस साल यह निर्णय लिया गया है कि कॉलेज प्रशासन ही मेरिट लिस्ट तैयार करेगा। विश्वविद्यालय के अनुसार उन्हें इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें पंजीकृत छात्रों की लिस्ट प्रदान की जाएगी। उसी के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
लिस्ट देरी से आने के कारण
शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस साल पिछले साल की अपेक्षा पंजीकरण कराने वाले छात्रों की संख्या में कमी देखी गई है। दरअसल शिक्षकों का मानना है कि छात्र बीए, बीएससी या बीकॉम करने के बजाय बीसीए, बीटेक, बीबीए जैसे कोर्स चुनने में ज्यादा रुचि दिखाते हैं। ऐसे में पंजीकरण की संख्या बढ़े, इसके लिए समय सीमा को बढ़ाया गया है, ताकि इच्छुक छात्र अपना पंजीकरण करा सकें और उन्हें एक और मौका मिल सके।
आज से शुरू होंगे बीए द्वितीय व तृतीय वर्ष के एडमिशन
सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज से बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए पंजीकरण शुरू हो जाएगा। प्रो राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि जिन कॉलेज के बीए द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया है, वह छात्र-छात्राएं जल्द अपना पंजीकरण करा लें।