यमुना सिटी (संवाद)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से दो नवंबर को दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में जेवर विधानसभा क्षेत्र स्तरीय रोजगार मेला लगेगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले मेले में 20 से 25 कंपनियां 2000 से अधिक पदों पर भर्ती करेंगी। मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक योग्यता वाले युवा भाग ले सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन करना होगा और बायोडाटा साथ लाना होगा। मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, फाइनेंस, बीपीओ और शिक्षा तकनीक समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवसर मिलेंगे। भर्ती प्रक्रिया निशुल्क रहेगी।