उम्मीदवार तीन दिसंबर तक ऑनलाइन दाखिला के लिए कर सकेंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में विंटर समेस्टर के दूसरे फेज के पीएचडी दाखिले की दौड़ शुरू हो गई है। इसकी सूचना जेएनयू ने जारी कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन तीन दिसंबर तक कर सकते हैं।
https://jnuee.jnu.ac.in/ लिंक पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन संबंधी त्रुटियों को 4 और 5 दिसंबर को ठीक किया जा सकेगा। दाखिले के लिए 19 से लेकर 23 दिसंबर के बीच वाइवा होगा। पीएचडी में दाखिला के लिए पहली मेरिट सूची 2 जनवरी को जारी होगी जबकि पूर्व नामांकन पंजीकरण और सीट ब्लॉक के साथ फीस का भुगतान 2 से 4 जनवरी के बीच में किया जा सकेगा जबकि दाखिला सत्यापन 8 और 9 जनवरी को होगा।
उम्मीदवारों की दूसरी मेरिट सूची 16 जनवरी को जारी होगी। इसके लिए 16 से लेकर 18 जनवरी तक पंजीकरण कर सकेंगे। दाखिला सत्यापन 22 जनवरी को होगा। अंतिम और तीसरी सूची 29 जनवरी को जारी होगी। दाखिले 29 और 31 जनवरी को होंगे। पीएचडी कार्यक्रम में दाखिले के लिए उम्मीदवार के पास नेट/जेआरएफ/गेट का उत्तीर्ण होना जरूरी है। जेएनयू अलग-अलग 21 सेंटर और स्पेशल सेंटर में उम्मीदवारों को दाखिले का मौका दे रहा है।
विदेशी छात्रों को मौका
जेएनयू पीएचडी कार्यक्रम में दाखिले के लिए विदेशी छात्रों को भी मौका दे रहा है। विदेशी छात्रों के लिए https://www.jnu.ac.in/admission/international लिंक पर ई-प्रॉस्पेक्टस अपलोड कर दिया गया है। उम्मीदवार वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद पोस्ट और ईमेल के माध्यम से उम्मीदवारों को फॉर्म भेजना होगा।