-हॉर्टिकल्चर कमेटी की सदस्य निशा मूलरूप से इंदौर की निवासी हैं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर 76 स्थित जेएम ऑर्किड सोसाइटी निवासियों ने अब इंदौर की तर्ज पर सोसाइटी को साफ सुथरा और हरा-भरा रखने का संकल्प लिया है। सोसाइटी के हॉर्टिकल्चर कमेटी की सदस्य निशा चौहान मूलरूप से इंदौर की निवासी हैं और इंदौर स्वच्छता की श्रेणी में नंबर वन है। ऐसे में निशा ने इंदौर की तर्ज पर सोसाइटी की हरा-भरा रखने का संकल्प लिया है। इस कार्य में सोसाइटी की एओए के साथ ही निवासियों की ओर से विशेष सहयोग किया जा रहा है।
एओए अध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि सोसाइटी के बेसमेंट में एक कंपोज्ड मेकिंग मशीन लगाई गई है। इस मशीन से उद्यान के कचरे का निस्तारण कर जैविक खाद बनाई जा रही है। हॉर्टिकल्चर कमेटी की सदस्य व एओए सहसचिव निशा चौहान ने बताया कि हमने सभी निवासियों को सूचित कर दिया है कि गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखा जाए, ताकि कूड़े के निस्तारण में मदद मिल सके। इसके अलावा बागवानी बेहतर करने के लिए विशेष काम किया जा रहा है। सोसाइटी के अंदर के मंदिर से निकले फूलों से भी जैविक खाद बनाई जा रही है। इसके लिए सोसाइटी परिसर में पिट बनाया गया है और बड़े गमलों में भी फूलों से खाद बनाई जा रही है। इसके साथ ही कंपोज्ड मेकिंग मशीन में पौधों से निकले हुए कचरे का निस्तारण कर जैविक खाद बनाई जा रही है। खाद बनने में दो-तीन महीने का समय लग जाता है फिर यही खाद पौधों में डालने के काम आती है। निशा ने बताया कि उन्हें बागवानी में बहुत रुचि है और उन्होंने बॉटनी (वनस्पति शास्त्र) में एमएससी किया है।
-जल्द करेंगे प्रतियोगिता में प्रतिभाग
अमित शर्मा ने बताया कि सोसाइटी बहुत हरी भरी हो गई है और यहां रहने वालों को बहुत सकारात्मकता मिलती है। इसके अलावा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। हम लोग जल्द ही बागवानी से संबंधित किसी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।