किसानों के हित के लिए जजपा तत्पर
नूंह। जजपा के जिला प्रवक्ता राहुल जैन ने कहा कि किसानों के मसीहा ताऊ देवीलाल कहते थे कि सरकार में रहकर किसानों के हितों की रक्षा बेहतर हो सकती है। इसलिए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला गठबंधन सरकार में रहकर भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने एलान कर दिया कि अगर एमएसपी पर कोई खतरा आएगा तो अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उप मुख्यमंत्री ने दिल्ली में डेरा डाल लिया है और एक के बाद एक किसानों से जुड़े वरिष्ठ नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि दुष्यंत चौटाला केंद्र सरकार के मंत्रियों से बातचीत कर किसानों के मसले को सुलझा लेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष दल के नेता सिर्फ किसानों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। जिले के किसान किसी के बहकावे में न आएं। राहुल जैन ने अपील की है कि किसान शांति बनाए रखें। उप मुख्यमंत्री सरकार में रहकर पूरा दबाव बनाकर किसानों के हित में कार्य कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कृषि लोन में 2000 की जगह 100 रुपये स्टांप ड्यूटी की। साथ ही ट्यूबवेल कनेक्शन से रोक हटवाई। जजपा का प्रयास है कि किसानों के हित से कोई खिलवाड़ न हो, उनके हितों की पूरी रक्षा की जाए।