अस्पताल में नहीं हुई कोरोना जांच छात्र परेशान
नूंह। प्रदेश सरकार ने अपने नए नियमों में छात्रों के लिए स्वास्थ्य कार्ड अनिवार्य कर दिया है। नूंह सीएचसी में सोमवार को कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं को बिना कोरोना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ा। इस कारण सविता, चंदा, निशा, शलमा, नजमा, मुस्कान आदि छात्राओं के चेहरे में मायूस दिखी। बीते दिनों रेवाड़ी में दर्जनों छात्रों के कोरोना संक्रमित होने के कारण प्रदेश के अन्य जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिए गए थे, लेकिन सोमवार को फिर से स्कूलों को खोला गया। स्कूल में आने के लिए 9वीं से 12वीं तक के छात्रों से कोरोना जांच की रिपोर्ट मांगी गई है। बच्चों को स्वयं ही अपनी जांच कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों में समय पर कोरोना जांच नहीं होने से छात्रों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नूंह सीएसची के एसएमओ डॉ. संदीप ने बताया कि सीएचसी में समय पर कोरोना जांच की जा रही है।