नोएडा (संवाद)। सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जितिया पर्व मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संतान की सुख-समृद्धि, लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान सोसाइटी में पारंपरिक गीत-संगीत और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया।