नूंह। शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित एक घर से दिन दहाड़े लाखों रुपये के जेवरात और नकदी रविवार सुबह चोरी हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता मामचंद ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह पूजा के लिए परिवार सहित दूसरे मकान में थे। करीब सवा बजे उनका बेटा संदीप कुछ सामान लेने घर पर आया तो उसे घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। छत से देखा तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि 4 सोने की चेन, हार समेत अन्य जेवरात के अलावा 1 लाख 70 हजार रुपये गायब मिले। कुल 17 लाख रुपये की चोरी हुई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस सख्ती से कार्य नहीं कर रही है। वहीं जांच अधिकारी एएसआई नसीम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच जारी है।