जैसलमेर में तैनाती के दौरान गई जेवर के जवान की जान
आज भवोकरा गांव में पहुंचेगा रिंकू चौधरी का पार्थिव शरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। भारतीय सेना में पिछले 13 वर्ष से सेवा दे रहे जेवर के भवोकरा गांव के जवान रिंकू चौधरी (33) का राजस्थान में तैनाती के दौरान निधन हो गया। ड्यूटी पर रहने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आर्मी के अधिकारियों ने जवान के निधन की सूचना परिजन को दी। इसके बाद परिवार में कोहराम और गांव में मातम छा गया। ग्राम प्रधान राजू चौधरी ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार को गांव पहुंचेगा। जहां सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी जाएगी।
भवोकरा निवासी ऋषिपाल सिंह के बेटे रिंकू चाैधरी का 13 वर्ष पूर्व सेना में चयन हुआ था और वर्तमान में वह मध्यप्रदेश के आर्मी सेंटर में तैनात थे। इस समय प्रशिक्षण के लिए राजस्थान के जैसलमेर बटालियन के साथ गए हुए थे। जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें जैसलमेर वायुसेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि सेना के अधिकारियों ने कॉल कर रिंकू चौधरी के निधन की सूचना दी है। रिंकू का गांव में बहुत अच्छा व्यवहार था। बड़े बुजुर्गों का सम्मान और अपने से छोटों से भी इज्जत से पेश आते थे। रिंकू के दो बच्चे हैं। रिंकू के निधन से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण मंगलवार सुबह रिंकू का शव लेने के लिए जेवर यमुना एक्सप्रेस वे पर पहुंचेंगे।