ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित लुहारली टोल पर रविवार की रात लगा जाम । संवाद
वाहन चालकों और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा
नंबर गेम-04 किमी लंबी कतार लगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सिकंदराबाद-दादरी के बीच स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर रविवार शाम से देर रात तक भीषण जाम लगा रहा। टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की चार किलोमीटर लंबी कतार लग गई। जाम के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि वाहनों का दबाव बढ़ने के बावजूद टोल प्रबंधन की ओर से जाम खुलवाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
शादी समारोहों का सीजन होने के कारण रविवार शाम से ही जीटी रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ने लगी थी। वाहनों का दबाव अधिक होने से लुहारली टोल प्लाजा पर दोनों तरफ लंबी कतार लग गई। टोल शुल्क जमा करने में लग रहे समय के कारण जाम लगातार बढ़ता चला गया। शाम सात बजे के बाद स्थिति और खराब हो गई। वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे थे। एक तरफ से टोल पार करने में वाहन चालकों को एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग रहा था।
हेल्पलाइन पर जानकारी देने के बाद भी राहत नहीं
सिकंदराबाद से दादरी लौट रहे व्यापारी विवेक गोयल ने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल होने के बाद रविवार शाम को दादरी आ रहे थे। उन्हें टोल पार करने में करीब दो घंटे लग गए। उन्होंने बताया कि जाम की जानकारी टोल के हेल्पलाइन नंबर पर भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद राहत नहीं मिली। उनका आरोप है कि टोल कर्मचारी भी मनमाने तरीके से काम कर रहे थे। देर रात तक बड़ी संख्या में वाहन चालक जाम में फंसे रहे।
बुलंदशहर में हादसे होने के चलते जाम लग गया था। इसको लेकर कुछ वाहन को इधर डायवर्ट किया गया था। -नरेंद्र सिंह जौदान, मैनेजर, लुहारली टोल प्लाजा