ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा-1 में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए की पहल के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सेक्टरवासियों की समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए टीम ने प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सौरव भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा था। जिसके बाद प्राधिकरण के प्रबंधक विपिन राय ने सेक्टर का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने सेक्टर की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। टीम ने बताया कि सेक्टर के मार्केट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा सेक्टर के बीचों-बीच बने करीब 800 मीटर लंबे ग्रीन एरिया पाथवे पर रात के समय अंधेरा रहता है। इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी समेत अन्य मौजूद थे। ब्यूरो