-नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं ने रचा इतिहास
-15 हजार से अधिक प्रतिभागी बने साक्षी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस्कॉन के वार्षिक युवाउत्सव उद्गार ने इतिहास रच दिया। इस आयोजन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह रिकॉर्ड नशा मुक्ति कार्यक्रम में सबसे अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी के लिए प्रदान किया गया। इस आयोजन में देशभर से लगभग 15,000 युवक-युवतियों ने भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
उद्गार 2025 इस बार संस्कृति और कल्याण की थीम पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चेयरमैन इस्कॉन जीबीसी गुरु प्रसाद स्वामी महाराज ने कहा कि भारत के युवाओं में अद्भुत ऊर्जा है, बस उन्हें सही दिशा और मूल्य चाहिए। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में क्रेजी हॉपर्स का प्रेरक नृत्य प्रदर्शन, वाईएमसीए और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों का मूक अभिनय, और ड्रोन शो का शानदार प्रदर्शन शामिल था।
डॉ. विवेक बिंद्रा, अमोघ लीला प्रभु, रुक्मिणी कृष्ण प्रभु और सुंदर गोपाल प्रभु ने युवाओं के नेतृत्व और आत्मविकास पर प्रेरक विचार साझा किए। इसके अलावा लोकनाथ स्वामी महाराज के आनंदमय कीर्तन ने पूरे स्टेडियम को भक्ति के वातावरण से भर दिया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मोटिवेशनल स्पीकर कुलदीप सिंघानिया, सोनू शर्मा, आरजे रौनक, नितेश सोनी और अलख पांडे ने भी युवाओं से संवाद किया और उन्हें जीवन में अनुशासन, नशामुक्ति और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया।