आंवला। शुक्रवार को अपात्रों द्वारा विधवा पेंशन लिए जाने के मामले में एसडीएम ने जिलाधिकारी को जांच रिपोर्ट भेज दी है। जांच रिपोर्ट के बाद इस फर्जीवाडे में शामिल लोगों व अफसरों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। हालांकि एसडीएम ने भेजी गई जांच रिपोर्ट के बारे में कुछ भी बताने से इंकार करते हुए केवल इतना कहा है कि इसमें कुछ सरकारी कर्मचारियों के अलावा दो प्राईवेट लोगों की संलिप्तता पाई गई है।
बता दे कि एसडीएम विदुषी सिंह ने मंगलवार को ब्लाॅक रामनगर, मझगवां, आलमपुर जाफराबाद के बीडीओ को पत्र लिखकर कहा है कि मई महीने में 56 लाभार्थियों को गलत तरीके से फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर पेंशन जारी करने का मामला सामने आया था। इसके संबंध में उच्चाधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट मांगी गई थी। एसडीएम ने इस मामले में तहसील क्षेत्र के तीनों ब्लाॅक के बीडीओ पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। संवाद