नोएडा। सेक्टर-62 स्थित भारतीय पाक कला संस्थान के हॉस्टल मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। छात्रों ने नौ सितंबर को हॉस्टल मेस के खाने में कीड़े मिलने का आरोप लगाया था। छात्रों ने खाने में मिले कीड़ों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया था।
हॉस्टल मेस में भारतीय पाक कला संस्थान के साथ ही नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के छात्र भी भोजन करते हैं। मेस की व्यवस्था को लेकर एक अभिभावक ने पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। संस्थान के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। वहीं, भारतीय पाक कला संस्थान के एकेडमिक इंचार्ज डॉ. सतवीर सिंह ने छात्रों के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो