नगीना। नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के गांव भादस निवासी राजबती पत्नी गुरदयाल ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, बदसलूकी और गहने छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 मई को भी आरोपियों ने उनके घर में तोड़फोड़ और मारपीट की थी, लेकिन शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता के अनुसार 20 मई की शाम करीब 7 बजे राजेंद्र, राजेश, संदीप, रवि, सौरभ, रोहित, अजय सहित कई लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी की, कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से चांदी का मंगलसूत्र और सोने का ओम भी छीन लिया गया। शोर सुनकर महिला के बेटे कृष्ण और आकाश मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें घसीटकर अपने घर ले गए। बाद में आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। संवाद