तावड़ू। अयोध्या फैसले के बाद मेवात क्षेत्र में पिछले 2 दिनों से मोबाइल इंटरनेट सेवा बाधित होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इंटरनेट सेवा नहीं होने से जिले के दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के लोगों ने संबधित कंपनियों से मोबाइल इंटरनेट सेवा को जल्द सुचारू करने की मांग की है।
क्षेत्र के मोहम्मद हासिम, शाहिद, अज़हरुद्दीन, सुरेंद्र, आदर्श गर्ग, मुकुट गोयल, शीशपाल सहरावत, राजेश सहरावत, सरपंच जब्बार, जमालुदीन, खालिद का कहना है कि मोबाइल इंटरनेट सेवा बाधित होने से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा है। दुकानदार पवन, मुकुट और रजत ने बताया कि वह मोबाइल इंटरनेट के माध्यम से मोबाइल रिचार्ज, डिश टीवी रिचार्ज, पैसों के लेनदेन का कार्य करते हैं। लेकिन पिछले 2 दिन से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद होने से उनके काम पूरी तरह से ठप है।
अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश दिया है। क्षेत्र के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सम्मान करते हुए उसे स्वीकार किया है। पूरे जिले में शांति कायम है। लोगों ने प्रशासन सहित संबधित कंपनियों से बंद इंटरनेट सेवा को बहाल करने की मांग की है।